UP Elections 2027: अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी! BJP के 5 बड़े वादे
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी रणनीति को बनाना शुरू कर दिया है. मथुरा में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय चिंतन शिविर में मिशन-2027 को लेकर पांच प्रमुख मुद्दों पर फोकस करने की रणनीति पर मंथन हुआ.
बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ विकास और कानून-व्यवस्था के अलावा सांस्कृतिक और धार्मिक चीजो को भी चुनावी जुमले के केंद्र में रखने की तैयारी कर रही है.बीजेपी के इस चुनावी महामंत्र में पांच बड़े मुद्दे शामिल किए है:-

- श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर (मथुरा में मंदिर निर्माण और सांस्कृतिक विकास)
- समान नागरिक संहिता (UCC) (सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून लागू करना)
- इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास (एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, सड़कें और सरकारी योजनाओं का लाभ)
- कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा (अपराध और माफिया पर नियंत्रण)
- राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विरासत (राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक पहचान)
मथुरा की बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा प्रमुखता से चर्चा में रहा. पार्टी के भीतर इस मुद्दे को और प्रखरता से उठाने और इसे चुनावी विमर्श के केंद्र में लाने पर जोर दिए जाने की जानकारी सामने आई है. बैठक के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की बात कही.

उन्होंने कहा, ‘जिस तरह अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना है, उसी तरह भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी मंदिर बनेगा.
’डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मंदिर का निर्माण न्यायिक प्रक्रिया या आपसी बातचीत के जरिए हो सकता है.
उन्होंने कहा, ‘अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी.’
मौर्य के इस बयान से साफ है कि बीजेपी नेतृत्व श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को सार्वजनिक राजनीतिक विमर्श में प्रमुखता से उठा रहा हैसूत्रों के मुताबिक, बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि 2027 में तीसरी बार सरकार बनने के बाद अगले छह महीने के भीतर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की दिशा में प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा जाए. श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विवाद को लेकर राजनीतिक और कानूनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर भी विचार हुआ. सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश की भोजशाला के मामले की तर्ज पर कानूनी और प्रशासनिक विकल्पों पर विचार करने की बात भी सामने आई.

बीजेपी के पांच प्रमुख मुद्दों में समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड भी शामिल है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही उत्तर प्रदेश में 2027 में बीजेपी की सरकार बनने पर UCC लागू करने का वादा कर चुके हैं. ऐसे में पार्टी इस मुद्दे को चुनाव से पहले अपने प्रमुख राजनीतिक एजेंडे के रूप में आगे बढ़ा सकती है. बीजेपी का तर्क रहा है कि अलग-अलग समुदायों के लिए अलग-अलग व्यक्तिगत कानूनों की जगह समान नागरिक कानून होना चाहिए.
![]()
बीजेपी के चुनावी एजेंडे में इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास को भी प्रमुख स्थान दिया जा रहा है. सड़क, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, औद्योगिक निवेश और रोजगार जैसे मुद्दों के जरिए सरकार अपने कामकाज को जनता के सामने रखने की तैयारी में है. अयोध्या और काशी में हुए विकास कार्यों के साथ मथुरा-वृंदावन और ब्रज क्षेत्र के विकास को भी पार्टी प्रमुखता दे सकती है. धार्मिक पर्यटन, सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को लेकर किए गए कामों को चुनावी प्रचार में शामिल किया जा सकता है.

बीजेपी के एजेंडे में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा भी शामिल है. पार्टी 2017 से पहले और उसके बाद की स्थिति की तुलना करते हुए कानून-व्यवस्था के मुद्दे को जनता के बीच ले जा सकती है. महिलाओं की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, माफिया के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था में सुधार जैसे विषयों को भी चुनावी प्रचार में प्रमुखता दिए जाने की तैयारी है.

बीजेपी सरकार और संगठन के नेता इन मुद्दों के जरिए विपक्ष के शासनकाल को लेकर भी सवाल उठा सकते हैं.बीजेपी के पांचवें प्रमुख मुद्दे में राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विरासत शामिल हैं. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और काशी विश्वनाथ धाम के विकास के बाद मथुरा को लेकर पार्टी की सक्रियता इसी व्यापक सांस्कृतिक विमर्श का हिस्सा है. पार्टी धार्मिक स्थलों, भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मुद्दों को चुनावी अभियान में प्रमुखता दे सकती है.
मथुरा की बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर हुई चर्चा को इसी रणनीति के संदर्भ में देखा जा रहा है.उत्तर प्रदेश में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है. इसके लिए पार्टी विकास, कानून-व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ धार्मिक-सांस्कृतिक मुद्दों को भी चुनावी एजेंडे में शामिल करने की तैयारी कर रही है. मथुरा की चिंतन बैठक से श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा खास तौर पर चर्चा में आया है.