अनंत सिंह की बेटी के तिलक में शाही इंतजाम! 1000 किलो लड्डू, 400 गाड़ियों का काफिला
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह के तिलक समारोह ने इस बार अपने भव्य इंतजामों को लेकर खूब सुर्खियां बटोरीं। शादी की रस्मों की शुरुआत पैतृक गांव नदवां से हुई, जहां परिवार की महिलाओं ने मांगलिक गीत गाकर तिलक-चुमावन की पारंपरिक रस्म पूरी की। इसके बाद समारोह का अगला पड़ाव दानापुर बना, जहां तिलक और फलदान का भव्य आयोजन किया गया।
इस आयोजन की चर्चा सिर्फ मेहमानों की संख्या को लेकर नहीं, बल्कि तैयारियों के खास अंदाज को लेकर भी है। मेहमानों के स्वागत के लिए 1000 किलो शुद्ध घी के लड्डू तैयार कराए गए। वहीं, दानापुर के लिए रवाना हुए काफिले में 400 से अधिक गाड़ियां शामिल थीं।
शिवांगी की शादी की पहली रस्म नदवां स्थित पैतृक आवास पर निभाई गई। परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक मांगलिक गीत गाए और तिलक-चुमावन की रस्म पूरी की। इस मौके पर शिवांगी के छोटे भाई अभिनव भी मौजूद रहे। परिवार में शादी के साथ अभिनव के जनेऊ संस्कार की तैयारियां भी चल रही हैं।
समारोह में आने वाले मेहमानों के लिए मिठाइयों की विशेष व्यवस्था की गई। इनमें 1000 किलो शुद्ध घी के लड्डू खास आकर्षण रहे। शादी समारोह को यादगार बनाने के लिए परिवार की ओर से स्वागत और खानपान के इंतजाम किए गए हैं।
शिवांगी के होने वाले दूल्हे के लिए रेंज रोवर गाड़ी मंगाई गई है। यह गाड़ी शुक्रवार को नदवां गांव पहुंची। वहीं, तिलक-चुमावन की रस्म पूरी होने के बाद अनंत सिंह अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ दानापुर के लिए रवाना हुए। दोपहर करीब तीन बजे निकले इस काफिले में 400 से अधिक गाड़ियां शामिल थीं।
नदवां में पारंपरिक रस्में पूरी करने के बाद परिवार दानापुर के जी रिसॉर्ट पहुंचा। यहां रात में तिलक और फलदान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रिसॉर्ट में खास इंतजाम किए गए थे।
शिवांगी सिंह की शादी पटना जिले के बिहटा के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है। शादी की तारीख 25 नवंबर निर्धारित है। इसके लिए अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अब सबकी नजर 25 नवंबर को होने वाले विवाह समारोह पर है।